भारतीय वायु सेना की स्क्वाड्रन लीडर भावना कांत ने देश की सैन्य उड़ान के इतिहास में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ दिया है। उन्होंने भारतीय वायु सेना के प्रतिष्ठित Fighter Combat Leader (FCL) Course को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। इस उपलब्धि के साथ वह FCL कोर्स पूरा करने वाली IAF की पहली महिला अधिकारी बन गई हैं।
करीब 20 सप्ताह तक चलने वाले इस कठिन प्रशिक्षण में चुनिंदा फाइटर पायलटों को आधुनिक हवाई युद्ध, एडवांस्ड कॉम्बैट टैक्टिक्स, रणनीतिक योजना और मुश्किल युद्ध परिस्थितियों में तेजी से निर्णय लेने की ट्रेनिंग दी जाती है।
पहली महिला फाइटर पायलटों में शामिल थीं भावना
भावना कांत ने 2016 में अवनी चतुर्वेदी और मोहना सिंह के साथ भारतीय वायु सेना की पहली महिला फाइटर पायलटों के रूप में इतिहास बनाया था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत MiG-21 Bison से की और बाद में Su-30MKI जैसे अत्याधुनिक फाइटर जेट को भी उड़ाया।
साल 2019 में वह दिन के समय कॉम्बैट मिशन के लिए क्वालिफाई करने वाली पहली भारतीय महिला फाइटर पायलट बनीं। इसके बाद 2021 के गणतंत्र दिवस समारोह में IAF की झांकी का हिस्सा बनकर भी उन्होंने एक और उपलब्धि हासिल की।
FCL Course में क्या सिखाया जाता है?
Fighter Combat Leader Course को भारतीय वायु सेना के सबसे चुनौतीपूर्ण कॉम्बैट ट्रेनिंग प्रोग्राम में शामिल किया जाता है। यहां पायलटों को एयर कॉम्बैट, लॉन्ग-रेंज स्ट्राइक, मिशन प्लानिंग, युद्ध के दौरान निर्णय लेने और कॉम्बैट ऑपरेशन का नेतृत्व करने जैसी विशेषज्ञ क्षमताओं की ट्रेनिंग दी जाती है।
इस ट्रेनिंग के बाद पायलट की जिम्मेदारी सिर्फ विमान उड़ाने तक सीमित नहीं रहती। वह कॉम्बैट मिशन की रणनीति बनाने और अन्य पायलटों को ट्रेनिंग देने में भी अहम भूमिका निभा सकता है।
TACDE में हासिल की बड़ी उपलब्धि
FCL से जुड़ा प्रशिक्षण Tactics and Air Combat Development Establishment (TACDE) में होता है, जिसे भारतीय वायु सेना का ‘Top Gun School’ भी कहा जाता है। यह संस्थान आधुनिक एयर कॉम्बैट रणनीतियों और फाइटर टैक्टिक्स को विकसित करने के लिए जाना जाता है।
भावना कांत की नई उपलब्धि भारतीय वायु सेना में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और नेतृत्व क्षमता को दर्शाती है। फाइटर पायलट से Fighter Combat Leader तक का उनका सफर देश की सैन्य महिलाओं के लिए एक नई मिसाल बन गया है।



