Monday, November 9, 2026
HomeLatest Newsएयर इंडिया की फुकेत-दिल्ली फ्लाइट में हवा में मची दहशत, टर्बुलेंस से...
spot_img

एयर इंडिया की फुकेत-दिल्ली फ्लाइट में हवा में मची दहशत, टर्बुलेंस से 17 घायल; यात्रियों ने बयां किए खौफनाक पल

 

नई दिल्ली: फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 में मंगलवार को आए भीषण टर्बुलेंस ने यात्रियों के लिए सफर को डरावने अनुभव में बदल दिया। तेज झटकों के कारण कई यात्री अपनी सीटों से उछल गए, कुछ विमान की छत से टकरा गए और ओवरहेड केबिन खुलने से सामान नीचे गिर पड़ा। इस हादसे में चार क्रू सदस्यों सहित कुल 17 लोग घायल हुए।

यात्रियों के अनुसार, अचानक आए तेज झटकों से पूरे विमान में अफरा-तफरी मच गई। केबिन क्रू लगातार यात्रियों को सीट बेल्ट बांधने की सलाह देता रहा, जबकि कई लोग घबराकर रोने और प्रार्थना करने लगे। विमान के अंदर चीख-पुकार का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए सभी को अपनी जान की चिंता सताने लगी।

एक यात्री ने बताया कि विमान के अचानक नीचे आने से उनके पिता हवा में उछलकर छत से टकरा गए। उनकी मां के सिर और आंख के पास चोटें आईं, जबकि उनकी पत्नी और दो साल की बेटी भी सीट से उछलकर बीच के रास्ते में गिर गईं। परिवार ने कहा कि उन्हें लगा था कि शायद वे सुरक्षित नहीं बच पाएंगे और इस घटना को उन्होंने अपनी जिंदगी का दूसरा मौका बताया।

 

विमान में मौजूद एक विदेशी महिला यात्री ने भी इस हादसे को बेहद भयावह बताया। उन्होंने कहा कि उनकी बहन सीट से उछल गई और उनकी मां के सिर में चोट लग गई। उनके मुताबिक, कुछ पल के लिए ऐसा लगा कि विमान दुर्घटनाग्रस्त हो जाएगा।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो बनाने वाली एक यात्री ने सभी हवाई यात्रियों से अपील की कि सीट बेल्ट का संकेत बंद होने पर भी यात्रा के दौरान सीट बेल्ट लगाए रखें, क्योंकि टर्बुलेंस कभी भी अचानक आ सकता है।

विमान के सुरक्षित दिल्ली पहुंचने के बाद घायलों को तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। सात यात्रियों को वसंत कुंज स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी जांच और इलाज किया गया। डॉक्टरों ने बताया कि सभी घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

घटना के बाद यात्रियों ने पायलट और केबिन क्रू की सतर्कता की सराहना की, लेकिन साथ ही इस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने की मांग भी उठाई।

spot_img
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

Most Popular

Recent Comments

spot_img