जालंधर: पंजाब के जालंधर के युवा वॉलीबॉल कोच अमृत पाल सिंह को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्हें FIVB अंडर-17 बॉयज़ वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 के लिए भारतीय टीम का असिस्टेंट कोच नियुक्त किया गया है। यह विश्व स्तरीय प्रतियोगिता 19 से 29 अगस्त तक दोहा (कतर) में आयोजित होगी। इस नियुक्ति के जरिए अमृत पाल सिंह भारत के साथ-साथ पंजाब और पंजाब खेल विभाग का भी प्रतिनिधित्व करेंगे।
अमृत पाल सिंह का जन्म और पालन-पोषण जालंधर में हुआ। उनका परिवार वर्षों से वॉलीबॉल से जुड़ा रहा है। उनके पिता अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी रह चुके हैं, जिनकी प्रेरणा से अमृत पाल ने बचपन में ही वॉलीबॉल को अपना लक्ष्य बना लिया। उन्होंने 10 साल की उम्र में प्रशिक्षण शुरू किया और स्कूल, जिला, राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पंजाब की ओर से सीनियर नेशनल प्रतियोगिताओं में खेलते हुए उन्हें कई बार बेस्ट लिबेरो का पुरस्कार भी मिला।
हालांकि, वर्ष 2013 में घुटने की चोट ने उनके खिलाड़ी बनने के सफर पर विराम लगा दिया। लेकिन उन्होंने इसे अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया और कोचिंग को अपना नया मिशन बनाया। NIS बेंगलुरु से कोचिंग की पढ़ाई गोल्ड मेडल के साथ पूरी करने के बाद उन्होंने खिलाड़ियों को तैयार करने का काम शुरू किया।
आज अमृत पाल सिंह देश के सबसे युवा FIVB लेवल-3 प्रमाणित वॉलीबॉल कोच हैं। उनका कहना है कि खिलाड़ी के रूप में कोर्ट छोड़ना आसान नहीं था, लेकिन जब उन्होंने नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करना शुरू किया तो उसी में उन्हें अपनी नई मंजिल मिल गई।
दोहा में होने वाली इस विश्व चैंपियनशिप में उनकी नियुक्ति जालंधर, पंजाब और पूरे भारत के लिए गर्व की बात मानी जा रही है।



