लुधियाना: आर्थिक तंगी और सीमित सुविधाओं के बावजूद लुधियाना के पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी अश्वनी साहोता और उनकी पत्नी शबाना ने अपने हौसले से नई मिसाल पेश की है। व्हीलचेयर पर खेलने वाला यह दंपती अब पैरालंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लक्ष्य के साथ लगातार मेहनत कर रहा है।
दोनों खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के लिए कई पदक जीत चुके हैं, लेकिन उनके लिए यह सफर आसान नहीं रहा। लंबे समय तक उन्होंने महंगी स्पोर्ट्स व्हीलचेयर की जगह साधारण बास्केटबॉल व्हीलचेयर का इस्तेमाल कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। आर्थिक तंगी के कारण वे विशेष व्हीलचेयर नहीं खरीद सके, जिसकी कीमत करीब 75 हजार रुपये होती है।
शबाना ने हाल ही में मिस्र में आयोजित पैरा बैडमिंटन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर बहरीन में होने वाली विश्व चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई किया। इससे पहले वह युगांडा इंटरनेशनल में दो रजत पदक भी जीत चुकी हैं। वहीं दोनों खिलाड़ियों के नाम राष्ट्रीय स्तर पर भी कई पदक दर्ज हैं।
शबाना ने बताया कि जिला प्रशासन और समाज के सहयोग से उन्हें आगे बढ़ने का मौका मिला। लुधियाना के डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन की आर्थिक मदद से वह मिस्र में खेलने जा सकीं, जबकि SGPC, यूनाइटेड सिख्स और अन्य संस्थाओं ने भी यात्रा और खेल उपकरणों में सहयोग दिया।
हालांकि दंपती का कहना है कि पैरालंपिक जैसे बड़े लक्ष्य तक पहुंचने के लिए नियमित आर्थिक सहायता, आधुनिक खेल उपकरण, विदेशी प्रतियोगिताओं में भागीदारी और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण बेहद जरूरी है। उन्होंने उद्योगपतियों, सामाजिक संस्थाओं और खेल प्रेमियों से सहयोग की अपील की है।
अश्वनी और शबाना का कहना है कि वे सिर्फ जीवनसाथी ही नहीं, बल्कि एक-दूसरे के सबसे बड़े प्रेरणास्रोत भी हैं। हर मुश्किल दौर में दोनों एक-दूसरे का हौसला बढ़ाते हैं और यही उन्हें आगे बढ़ने की ताकत देता है।
इसके साथ ही दोनों खिलाड़ियों ने प्रशासन से शास्त्री हॉल के जर्जर बैडमिंटन कोर्ट की मरम्मत, व्हीलचेयर खिलाड़ियों के लिए सुलभ सुविधाएं उपलब्ध कराने और एक प्रशिक्षित पैरा बैडमिंटन कोच की नियुक्ति की मांग भी की है। उनका कहना है कि बेहतर सुविधाएं मिलने से न केवल उनका प्रदर्शन सुधरेगा, बल्कि अन्य दिव्यांग खिलाड़ी भी खेलों की ओर आकर्षित होंगे।



