अमेरिका के यूटा राज्य में एक भारतीय मुस्लिम युवक पर कथित तौर पर धार्मिक नफरत के चलते जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना वेस्ट वैली सिटी के वैली फेयर मॉल की है, जहां एक शख्स ने पहले पीड़ित से उसका धर्म और देश के बारे में पूछा। जैसे ही युवक ने खुद को भारत का रहने वाला और मुस्लिम बताया, आरोपी ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में युवक को करीब 15 बार चाकू मारा गया।
पीड़ित की पहचान सोहेल के रूप में हुई है, जो मॉल में एक कियोस्क पर काम करता था। पुलिस ने 48 वर्षीय आरोपी पीटर माइकल लार्सन को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने सोहेल को सिर्फ इसलिए निशाना बनाया क्योंकि वह मुस्लिम था। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह मामला हेट क्राइम (धार्मिक नफरत से प्रेरित अपराध) का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने आरोपी के कथित कट्टरपंथी विचारों और उसके बयानों को देखते हुए उसे समाज के लिए गंभीर खतरा बताया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने पहले सोहेल से पूछा, “तुम कहां के रहने वाले हो?” सोहेल ने जवाब दिया, “मैं भारत से हूं।” इसके बाद आरोपी ने पूछा, “क्या तुम मुस्लिम हो?” जैसे ही सोहेल ने “हां” कहा, आरोपी ने तुरंत चाकू निकालकर उस पर लगातार वार कर दिए।
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो सोहेल गंभीर रूप से घायल था और उसके शरीर पर चाकू के कई गहरे घाव मिले। पुलिस के पहुंचने से पहले ही मॉल में मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसे काबू में रखा। झड़प के दौरान आरोपी को भी मामूली चोटें आईं, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, प्रतिबंधित हथियार रखने और अन्य गंभीर आरोपों के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।



