लखनऊ: उत्तर प्रदेश क्रिकेट प्रेमियों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) ने यूपी टी20 लीग के चौथे सीजन की तारीखों और आयोजन स्थलों का ऐलान कर दिया है। इस बार पहली बार लीग का आयोजन दो शहरों—लखनऊ और कानपुर—में किया जाएगा। टूर्नामेंट 14 अगस्त से शुरू होकर 6 सितंबर तक चलेगा।
इस सीजन में कुल 34 मुकाबले खेले जाएंगे। शुरुआती मुकाबले और उद्घाटन समारोह लखनऊ के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होंगे, जबकि खिताबी मुकाबला और समापन समारोह कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।
टूर्नामेंट से पहले 24 जुलाई को आगरा में मिनी ऑक्शन का आयोजन होगा। छह फ्रेंचाइजियां 45 उपलब्ध स्लॉट के लिए खिलाड़ियों पर बोली लगाएंगी। वहीं, प्रदेश के उभरते क्रिकेटरों को मौका देने के लिए कैचमेंट एरिया ट्रायल की व्यवस्था पहले की तरह जारी रहेगी।
पूर्व भारतीय बल्लेबाज सुरेश रैना लगातार चौथे सीजन में भी लीग के ब्रांड एंबेसडर की भूमिका निभाएंगे। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए इस बार भी कुल तीन करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि तय की गई है, जिसमें चैंपियन टीम को एक करोड़ रुपये का इनाम मिलेगा।
इस बार लीग सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं रहेगी। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए ‘हर बाउंड्री, एक नई हरियाली’ अभियान भी शुरू किया जाएगा। इसके तहत पूरे टूर्नामेंट में लगाए गए हर चौके और छक्के के बराबर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में पौधे लगाए जाएंगे, ताकि खेल के साथ हरियाली का संदेश भी लोगों तक पहुंचे।



