स्पोर्ट्स डेस्क: Hockey India ने जापान में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक होने वाले 2026 Asian Games के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम की घोषणा कर दी है। 20 सदस्यीय टीम की कप्तानी मिडफील्डर सलीमा टेटे को सौंपी गई है, जबकि अनुभवी गोलकीपर सविता और बिचू देवी खारीबाम को टीम में शामिल किया गया है।
सलीमा टेटे हाल ही में न्यूजीलैंड में आयोजित एफआईएच नेशंस कप में भारत को खिताब दिलाने वाली टीम की कप्तान रही थीं। उनके शानदार नेतृत्व को देखते हुए उन्हें एशियन गेम्स में भी टीम की कमान सौंपी गई है। वहीं, हाल ही में पद्म श्री से सम्मानित सविता टीम की सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में शामिल हैं।
मुख्य कोच शोर्ड मारिन ने टीम चयन पर संतोष जताते हुए कहा कि इस बार टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का बेहतरीन संतुलन है। उन्होंने भरोसा जताया कि सभी खिलाड़ी अच्छी लय और फिटनेस में हैं तथा एशियन गेम्स की चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
डिफेंस में सुशीला चानू, इशिका चौधरी, ज्योति, लालथंतलुआंगी और शिल्पी डबास को मौका मिला है। मिडफील्ड में कप्तान सलीमा के साथ निक्की प्रधान, साक्षी राणा, सुनीलिता टोप्पो, नेहा और दीपिका सोरेंग शामिल हैं। वहीं आक्रमण की जिम्मेदारी लालरेमसियामी, रुतुजा दादासो पिसल, नवनीत कौर, दीपिका, इशिका, बलजीत कौर और ब्यूटी डुंगडुंग संभालेंगी।
भारतीय महिला हॉकी टीम (एशियन गेम्स 2026):
- गोलकीपर: सविता, बिचू देवी खारीबाम
- डिफेंडर: इशिका चौधरी, सुशीला चानू, लालथंतलुआंगी, ज्योति, शिल्पी डबास
- मिडफील्डर: सलीमा टेटे (कप्तान), निक्की प्रधान, साक्षी राणा, सुनीलिता टोप्पो, नेहा, दीपिका सोरेंग
- फॉरवर्ड: लालरेमसियामी, रुतुजा दादासो पिसल, नवनीत कौर, दीपिका, इशिका, बलजीत कौर, ब्यूटी डुंगडुंग



