कनाडा में एक दर्दनाक हादसे में पंजाब के बरनाला और अमृतसर के दो युवकों की नहर में डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद दोनों परिवार गहरे सदमे में हैं। अब परिजन, रिश्तेदार और गांव के लोग शवों को भारत लाने के लिए आर्थिक सहयोग जुटा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि बरनाला निवासी लवप्रीत सिंह अपने दोस्त योगराज को डूबने से बचाने के लिए नहर में कूदे थे, लेकिन तेज बहाव के कारण वह भी पानी में समा गए। बाद में मॉन्ट्रियल फायर डिपार्टमेंट और कनाडाई कोस्ट गार्ड की संयुक्त टीम ने दोनों के शव बरामद किए।
लवप्रीत के परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण गांव में चंदा एकत्र करने का अभियान शुरू किया गया है। अब तक पंजाब में करीब 2.5 लाख रुपये जुटाए जा चुके हैं, जबकि कनाडा में दोस्तों ने ऑनलाइन अभियान के जरिए 26 हजार कनाडाई डॉलर से अधिक की राशि इकट्ठी की है। इस अभियान का लक्ष्य 40 हजार कनाडाई डॉलर जुटाना है ताकि दोनों शवों को भारत लाया जा सके।
परिजनों के अनुसार, लवप्रीत के पिता बलवीर सिंह सीआरपीएफ से सेवानिवृत्त हैं और परिवार का खर्च पेंशन से चलता है। बेहतर भविष्य की उम्मीद में परिवार ने करीब दो एकड़ जमीन बेचकर लगभग 29 लाख रुपये खर्च किए थे, ताकि बेटे और बेटी को कनाडा भेजा जा सके। लवप्रीत करीब ढाई साल पहले वर्क परमिट पर कनाडा गए थे और मॉन्ट्रियल में ट्रक चालक के रूप में काम कर रहे थे, जबकि उनकी बड़ी बहन वहीं पढ़ाई कर रही हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि परिवार के पास अब घर और कुछ सीमित संसाधनों के अलावा कुछ नहीं बचा है। ऐसे में स्थानीय लोगों और कनाडा में रह रहे पंजाबी समुदाय ने आगे आकर आर्थिक मदद शुरू की है, ताकि दोनों युवकों के शव जल्द से जल्द उनके पैतृक गांव पहुंचाए जा सकें।



