चंडीगढ़: पंजाब पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ अपने अभियान को और तेज करते हुए पिछले एक साल में 729 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने शनिवार को दी।
डीजीपी ने बताया कि राज्य के सभी जिलों और पुलिस कमिश्नरेट में पिछले दो वर्षों से साइबर अपराध से निपटने के लिए विशेष व्यवस्था बनाई गई है। स्पेशल डीजीपी वी. नीरजा के नेतृत्व में काम कर रहे राज्य साइबर क्राइम डिवीजन ने मई 2025 से अब तक 57 एफआईआर दर्ज की हैं और 56 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये मामले हाई-प्रोफाइल और अत्याधुनिक तकनीक से जुड़े साइबर अपराधों से संबंधित हैं।
इसके अलावा, जिला और कमिश्नरेट स्तर की साइबर क्राइम इकाइयों ने विभिन्न मामलों में 673 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने संगठित साइबर ठगी गिरोहों के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई की है।
जांच के दौरान कंबोडिया और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों में संचालित साइबर फ्रॉड सेंटरों का खुलासा हुआ, जहां लोगों को ट्रैवल एजेंटों, प्लेसमेंट कंसल्टेंट्स और बिचौलियों के जरिए विदेश भेजकर साइबर ठगी के नेटवर्क में फंसाया जाता था। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पंजाब पुलिस ने म्यूल बैंक अकाउंट नेटवर्क का भी पर्दाफाश किया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 23 एटीएम कार्ड, दो लैपटॉप, सात मोबाइल फोन, पांच सिम कार्ड, 14 चेक बुक, फर्जी बैंक और केवाईसी दस्तावेज, छह मुहरें, 5,100 यूएसडीटी (क्रिप्टोकरेंसी) और बैंक खातों में जमा करीब 20 लाख रुपये बरामद किए गए।
मई 2025 से अब तक राज्य के साइबर क्राइम पुलिस स्टेशनों ने 9 एफआईआर दर्ज कर पांच म्यूल अकाउंट मॉड्यूल का भी भंडाफोड़ किया है।
इसके अलावा, पुलिस ने कपूरथला में एक फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया, जहां से अमेरिका और कनाडा के नागरिकों को बिटकॉइन और हवाला के जरिए निशाना बनाकर ठगी की जा रही थी। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।



