Sunday, November 8, 2026
HomeLatest Newsकौशांबी में गैस टैंकर हादसा, आग की लपटों में घिरा टोल प्लाजा
spot_img

कौशांबी में गैस टैंकर हादसा, आग की लपटों में घिरा टोल प्लाजा

कौशांबी: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के कोखराज टोल प्लाजा पर एलपीजी गैस से भरे एक टैंकर के दुर्घटनाग्रस्त होने से बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें टैंकर के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने और उसके बाद आग लगने का दृश्य दिखाई दे रहा है।

बताया जा रहा है कि 26 जून की सुबह करीब सात बजे कानपुर से वाराणसी जा रहा एलपीजी टैंकर कोखराज टोल प्लाजा के पास पहुंचते ही नियंत्रण खो बैठा। डिवाइडर से टकराने के बाद टैंकर से गैस का रिसाव शुरू हो गया और कुछ ही पलों में भीषण आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरा टोल प्लाजा क्षेत्र इसकी चपेट में आ गया।

सीसीटीवी वीडियो में देखा जा सकता है कि टोल प्लाजा की ओर बढ़ रहे दो गैस टैंकरों में से एक अचानक असंतुलित होकर डिवाइडर से टकरा जाता है। टक्कर के बाद गैस रिसने लगती है और कुछ ही सेकंड में आग की लपटें पूरे टैंकर को घेर लेती हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

दुर्घटना में मिर्जापुर निवासी टैंकर चालक धर्मेंद्र द्विवेदी की मौके पर ही मौत हो गई। वह टैंकर के केबिन में फंस गए थे और आग की चपेट में आने से बाहर नहीं निकल सके। वहीं टोल प्लाजा पर ड्यूटी कर रहे पांच कर्मचारी भी गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें तत्काल प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अस्पताल में उपचार के दौरान आलोक सिंह, हीरामणि सिंह और कृष्णपाल मौर्य की भी मौत हो गई। इस प्रकार हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या चार हो गई है। वहीं घायल कर्मचारियों अतुल कुमार मिश्रा और अनिल का इलाज जारी है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

spot_img
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_imgspot_imgspot_imgspot_img

Most Popular

Recent Comments

spot_img