बेंगलुरु। बेंगलुरु में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में Bihar के सात मजदूरों की जान चली गई। बेंगलुरु साउथ तालुक के मादापट्टना इलाके में स्थित एक पत्थर की खदान में काम के दौरान अचानक विशाल चट्टान खिसककर मजदूरों के ऊपर गिर गई, जिससे सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूर घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, हादसे के समय खदान में पत्थर तोड़ने और खुदाई का काम चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि साइट पर करीब 18 मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान लगभग 40 फीट ऊंचाई से एक बड़ी चट्टान टूटकर नीचे आ गिरी और कई मजदूर उसकी चपेट में आ गए।
बताया जा रहा है कि मृतक सभी दिहाड़ी मजदूर थे और स्टोन क्रशर साइट पर काम कर रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया और मलबा हटाने का अभियान शुरू किया गया।
घायल मजदूरों को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। प्रशासन अभी घायलों की सही संख्या और उनकी स्थिति का आकलन कर रहा है।
एहतियात के तौर पर प्रशासन ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और मलबे की लगातार जांच की जा रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई अन्य मजदूर अंदर फंसा न हो।
पुलिस ने पुष्टि की है कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी सात मजदूर बिहार के रहने वाले थे। उनके परिजनों को घटना की जानकारी दी जा रही है। साथ ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और क्या खदान में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।



