धालीवाल जीटी रोड स्थित सब्जी मंडी में मंगलवार दोपहर भीषण आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कई दुकानें और उनमें रखा सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में करीब 5 से 6 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग और शहरवासी मौके पर पहुंच गए तथा आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मंडी के पास लगे बिजली के खंभों से निकली चिंगारियों के कारण आग भड़की, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। आग की ऊंची-ऊंची लपटों से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सब्जी मंडी प्रधान दीपक कुमार रिंटू और दुकानदार गुलशन कुमार ने बताया कि वे रोजाना की तरह दुकानें बंद कर घर चले गए थे। दोपहर करीब 1:15 बजे आग लगने की सूचना मिली। आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाना आसान नहीं था। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। दुकानदारों का कहना है कि इस हादसे ने उन्हें आर्थिक रूप से भारी नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने प्रशासन और हलका कादियां के इंचार्ज रूप सिंह सेखवां से प्रभावित परिवारों की सहायता की मांग की है। उनका कहना है कि इन दुकानों से करीब छह से सात परिवारों का गुजारा चलता है और नुकसान की भरपाई के लिए सरकारी मदद की जरूरत है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, जबकि प्रभावित दुकानदारों को राहत दिलाने की मांग तेज हो गई है।



